रहरा क्षेत्र के जयतौली गांव निवासी ग्राम प्रधान के ममेरे ससुर इशरत अली की पंचायत चुनाव की रंजिश के चलते बीते सोमवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में इशरत के भाई राहत अली की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही पूर्व प्रधान पति नाजिम, कमर, रईस उर्फ छोटू, आकिब, नाहिद खां और गांव शकरगढ़ी के विकार अहमद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। रहरा पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस की मदद से शुक्रवार को रिहान, विकार और सलीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हालांकि, अभी तक मुख्य आरोपी नाजिम, नाहिद खां, कमर, रईस उर्फ छोटे और आकिब की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
सोमवार को डीएम कार्यालय पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि सभी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। नाहिद खां और नाजिम हत्याकांड के गैंग लीडर है। खुलेआम घूम रहे हत्या आरोपियों के कारण इशरत अली के परिजनों की जान को खतरा बना हुआ है। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में राहत अली, वसीम, जहरीन, नौशाद, इकरा, राबिया, गुलशन आदि मौजूद रहे।