अमरोहा। मंडी धनौरा में रामलीला मैदान के पास सरकारी सड़क पर दैनिक मजदूरी वाले गरीब व्यक्तियों का रोजगार छीनने से बचाने की मांग को लेकर डीएम निधि गुप्ता वत्स को ज्ञापन सौंपा।
धनौरा के रामलीला मैदान के पास के रहने वाले लोगों ने कहा कि हम सभी गरीब दैनिक मजदूरी वाले हैं। उनके बाप-दादाओं के जमाने से धनौरा के मोहल्ला महादेव में रामलीला मैदान के दक्षिण सिरे पर सरकारी सड़क के किनारे रेहड़ी, छोटे खोखे द्वारा फल, सब्जी बेचकर दैनिक मजदूरी का कार्य किया जाता रहा है। इसके बदले में रामलीला प्रबंध समिति द्वारा लाखों रुपये सालाना तहबाजारी ली जाती है। विधान सभा धनौरा के सौजन्य से सांस्कृतिक विभाग द्वारा मैदान की बाउंड्री का निर्माण कराया जा रहा है।
वर्तमान समय में रामलीला मैदान के दक्षिण सिरे पर बाउंड्री के लिए ठेकेदार द्वारा हमारे रेहड़ी, खोखे हटाए जा रहे हैं। इससे हम गरीब, मजदूर बेराेजगार हो जाएंगे। हमारे पास इस कार्य के अलावा कोई अन्य रोजगार भी नही है। जबकि मुख्यमंत्री गरीबों को रोजगार दे रहे हैं। रामलीला मैदान के दक्षिण सिरे पर सरकारी सड़क है। सड़क के पास दीवार की कोई जरूरत नहीं है। इस स्थान पर दीवार करने से सरकारी धन का दुरुपयोग होगा एवं हमारा रोजगार भी खत्म हो जाएगा। उनकी मांग है कि इस स्थान से हमारे खोखे हटाने से रोका जाएं। ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से महेंद्र, जितेंद्र, सोनू बंसल, राधेश्याम, सुरेश कौशिक, आमोद कुमार, शिव कुमार, कैलाश सिंह, सलमा, शीला देवी, हीरावती देवी, धर्मवीर, महीपाल, ओमकार, अनिता, नरेश सैनी आदि मौजूद रहे।