संभल। गांव मुजाहिदपुर (कैलादेवी) में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में बृहस्पतिवार को भाकियू अराजनैतिक गुट की बैठक हुई। इसमें समस्याओं पर चर्चा की गई। समाधान कराने की मांग को लेकर कैलादेवी थाना प्रभारी को पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि 18 जनवरी को कैलादेवी धाम पर महापंचायत होगी। जिलाध्यक्ष शंकर सिंह यादव ने बताया कि कैलादेवी जैसे पिछड़े इलाकों में साधनों का बहुत अभाव है। साथ ही, कुछ भी जनकल्याणकारी योजनाओं का किसानों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। कर्मचारियों की लापरवाही से शासन की योजनाएं सिर्फ कागजों में सिमटकर रह गई हैं। कैलादेवी सीएससी पर मरीजों को बेहतर उपचार और सेवाएं पूर्ण रूप से नहीं मिल पा रही हैं। महिलाओं की डिलीवरी की कोई व्यवस्था नहीं है।
युवा मंडल अध्यक्ष वीरेश यादव ने बताया कि 27, 28 और 29 जनवरी को प्रयागराज में संगठन का राष्ट्रीय चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा। जिसमें जिले के पदाधिकारी और किसान बड़ी तादाद में शामिल होंगे। 18 जनवरी को कैलादेवी धाम पर युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह महापंचायत में शामिल होंगे, जिसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला महासचिव शिशुपाल सिंह यादव ने कैलादेवी धाम पर छात्र-छात्राओं की पढ़ाई के लिए डिग्री कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज और किसानों के लिए कृषि उत्पादन मंडी समिति खोलने की मांग की। इस दौरान किशनपाल सिंह राणा, दुर्गेश यादव, शिशुपाल सिंह यादव, सत्यभान सिंह, सचिन त्यागी, सत्यपाल यादव, सत्यवीर सिंह, भूरे सिंह यादव, भान सिंह आदि रहे।