अमरोहा। ढक्का गांव में चल रही चकबंदी प्रक्रिया को पूरी तरह रद्द कराने की मांग को लेकर भाकियू शंकर के पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। एसओसी कार्यालय का घेराव करते हुए नारेबाजी की। डीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन शंकर के जिला संरक्षक चौधरी धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और यहां एसओसी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। चकबंदी अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों का शोषण करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कहा कि नौगांवा सादात के ढक्का गांव के लोग चकबंदी के खिलाफ हैं। ग्रामीण पहले भी विरोध दर्ज कर चुके हैं। इस संबंध में डीएम और चकबंदी विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन दिया जा चुका है। बावजूद इसके विभागीय अधिकारियों के द्वारा चकबंदी प्रक्रिया में सुनवाई और नोटिस की कार्रवाई की जा रही है। जबकि अधिकांश ग्रामीण चकबंदी प्रक्रिया को पूरी तरह निरस्त कराने के पक्ष में है। इस दौरान ग्रामीणों ने चकबंदी प्रक्रिया को निरस्त करने और फॉर्म छह-ए वितरण कराने की मांग की है। इस दौरान जयदेव सिंह, मनोज कश्यप, अमित, वीरपाल सिंह, ओम प्रकाश, दीपक, बबलू आदि लोग मौजूद रहे।