अमरोहा। शहर में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए नए राशन कार्ड बनाए जाने तथा बिना सूचना कटे यूनिट दोबारा से जोड़ने के लिए एप्पल क्लब फाउंडेशन पदाधिकारियों ने एसडीम सदर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन देकर कहा कि शहरी क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार निवास करते हैं जिनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है। अधिकांश परिवारों में सदस्यों की संख्या अधिक है, जबकि आय का साधन केवल एक व्यक्ति तक सीमित है। इसके बावजूद भी कई पात्र परिवारों के पास आज तक राशन कार्ड नहीं है, जिससे वह सरकारी खाद्यान्न और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।
आरोप लगाया कि कई परिवारों के राशन कार्ड में यूनिट बिना किसी पूर्व सूचना के कम कर दिए गए हैं, जिससे उन्हें पर्याप्त राशन नहीं मिल पा रहा है। संस्था ने प्रशासन से जनहित में ऐसे सभी पात्र परिवारों के नए राशन कार्ड शीघ्र बनवाने और जिन परिवारों के यूनिट काटे गए हैं, उन्हें पुनः बढ़ाने की मांग की। प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर जरूरतमंद परिवारों को राहत देने की अपील की है। इस दौरान क्लब अध्यक्ष कमर नक़वी, अशरफ अली, अफजल अहमद, खुर्शीद अनवर, मंसूर अहमद एडवोकेट, वारिस अली, सैफ सिद्दीकी एडवोकेट, गुफरान सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।