करीब एक महीने पहले दिल्ली में कारोबारी से दिनदहाड़े लूटपाट करने और विरोध करने पर गोली मारने वाले दो हिस्ट्रीशीटरों को लेकर दिल्ली पुलिस अमरोहा पहुंची। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने नकदी और तमंचा-कारतूस बरामद किए। इसके बाद दिल्ली पुलिस दोनों को साथ ले गई। दोनों आरोपी अमरोहा नगर कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कुरैशी निवासी मुशाहिद उर्फ भतीजा और शाहरुख वर्तमान में दिल्ली में रहते हैं। दोनोंं अमरोहा पुलिस के रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों ने दिल्ली में एक कारोबारी को गोली मारने के बाद दिनदहाड़े 6.50 लाख लूट लिए थे। मामले में दिल्ली पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन, इनके पास से लूटी गई रकम बरामद नहीं हुई। पूछताछ के दौरान दोनों ने ही रुपये अमरोहा शहर स्थित घर में छिपाकर रखे होने की बात कबूल की।
दिल्ली के गोकुलपुरी थाने में तैनात एसआई सागर नवदीप व एएसआई सुशील कुमार के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस मंगलवार को दोनों हिस्ट्रीशीटरों को लेकर अमरोहा नगर कोतवाली पहुंची।
यहां आमद दर्ज कराने के बाद नगर कोतवाली पुलिस को साथ लेकर मोहल्ला कुरैशी पहुंची और गली नंबर छह के सामने स्थित मुशाहिद के घर से एक लाख रुपये और थोड़ी दूरी पर ही स्थित शाहरुख के घर से 50 हजार रुपये बरामद किए। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस दोनों को अपने साथ वापस दिल्ली ले गई।
सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि लूट के एक मामले में रिकवरी के लिए दिल्ली के गोकुलपुरी थाना पुलिस ने आमद कराई थी। साथ में शहर में रहने वाले दो हिस्ट्रीशीटर भी थे। दोनों की निशानदेही पर घरों से नकदी बरामद हुई है।