अमरोहा। डीएलएड यानी डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन की परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई। पहले और तीसरे सेमेस्टर की यह परीक्षाएं तीन नवंबर तक आयोजित होंगी। पहले सेमेस्टर की परीक्षा पांच केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा की पहली पाली में 179 जबकि दूसरी पाली में कुल 194 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
डीएलएड दो वर्षीय प्रशिक्षण का डिप्लोमा कोर्स है। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा परीक्षा का आयोजन कराया जा रहा है। पहले सेमेस्टर की परीक्षा के लिए राजकीय इंटर कॉलेज अमरोहा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अमरोहा, जेएसएच इंटर कॉलेज अमरोहा व आईएम इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जबकि तीसरे सेमेस्टर के लिए राजकीय इंटर कॉलेज अमरोहा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अमरोहा, जेएसएच इंटर कॉलेज अमरोहा को केंद्र बनाया गया है।
तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा 30 अक्तूबर से शुरू होंगी। परीक्षा प्रभारी डायट के प्रवक्ता रामाशंकर ने बताया कि सोमवार को पहले सेमेस्टर के लिए सुबह 10 बजे से शुरू हुई पहली पाली में बाल विकास और दोपहर 1:30 बजे से शुरू हुई दूसरी पाली में शिक्षण अधिगम के सिद्धांत का पेपर हुआ। पहले पाली के लिए कुल 1544 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 1365 ने परीक्षा दी जबकि 179 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जबकि दूसरी पाली में 1864 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से कुल 1670 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए जबकि 194 ने परीक्षा नहीं दी। उन्होंने बताया कि परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण हुआ है। पहली पाली में परीक्षा देकर बाहर निकले परीक्षार्थियों ने पेपर आसान बताया।
परीक्षार्थी बोले
- पेपर मुश्किल नहीं था। उम्मीद के मुताबिक ही सवाल आए थे। पूरा पेपर पढ़ने के बाद उसे हल करना शुरू किया। उम्मीद है अच्छे अंक मिलेंगे। - रिजवान, परीक्षार्थी
-
पेपर अच्छा था। जो पढ़ा उसी से सवाल भी आए थे। सभी सवाल का जवाब अच्छे तरीके से दिया है। बेहतर अंक मिलने की उम्मीद है। - रचना, परीक्षार्थी