तिगरी में नानी का अंतिम संस्कार कर लौट रहे बाइक सवार युवक की हादसे में मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पेड़ की जड़ से टकराई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां से उनकी हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
मूलरूप से गजरौला थानाक्षेत्र के लिसड़ी बुजुर्ग निवासी 22 वर्षीय अरुण पुत्र मुनीश सैदनगली थानाक्षेत्र के गांव फय्याज नगर गांव में अपनी नानी के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह नौकरी की तैयारी कर रहा था। सोमवार को उसकी नानी का निधन हो गया। जिसका गजरौला थानाक्षेत्र में तिगरी में गंगा किनारे अंतिम संस्कार किया गया। जिसके बाद अरुण व उसके दोस्त अमित निवासी ऐंचोड़ा कंबोह संभल और देवली निवासी गुडडू संभल एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जैसे ही बाइक कुमराला चौकी के निकट पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि सड़क किनारे एक पेड़ की जड़ से बाइक टकरा गई। जिससे अरुण की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त अमित और गुडडू घायल हो गए। हादसे की सूचना पाकर पुलिस पहुंची। पुलिस ने घायल अमित व गुड्डू को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर उनकी हालत नाजुक देख रेफर कर दिए गए। उधर बेटे की मौत की खबर सुन अरुण के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।