अमरोहा। संविदा लाइनमैनों के साथ तार ठीक करते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर सफाई कर्मचारी की मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। देर शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। इससे पहले ग्रामीणों ने उन्हें बचाने के लिए मिट्टी और गोबर में भी दबाया था। लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
यह घटना देहात थानाक्षेत्र के उकसी रायपुर गांव की है। यहां पर सुरेंद्र सिंह(47) का परिवार रहता है। सुरेंद्र सिंह ग्राम पंचायत सिकंदरपुर में सफाई कर्मी के पद पर तैनात थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और दो बेटी हैं। उनकी बड़ी बेटी शिक्षक हैं। एसओ अरिहंत कुमार ने बताया कि बुधवार की सुबह उनके घर को आने वाली एलटी लाइन का तार टूट गया था। लिहाजा उन्होंने बिजली घर फोन कर तार ठीक करने को कहा। दो संविदा लाइनमैन मौके पर पहुंचे और तार ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया गया। इस दौरान सुरेंद्र सिंह तार को खींच रहे थे। जबकि लाइनमैन तार की मरम्मत कर रहे थे। तभी अचानक एलटी लाइन का तार हाईटेंशन लाइन से भिड़ गया। हादसे में सुरेंद्र सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। बिजलीघर पर सूचना देकर सप्लाई बंद कराई। ग्रामीणों ने उन्हें बचाने के लिए मिट्टी और गोबर में भी दबाया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। करंट लगने से सफाई कर्मचारी सुरेंद्र सिंह की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद देर शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। फिलहाल मामले में किसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।