शहर के अंदर चल रहे फर्जी नर्सिंग होम में डिलीवरी के दौरान जच्चा बच्चा की मौत हो गई। परिजनों ने गुरुवार रात महिला डाक्टर पर बगैर पूछे महिला का ऑपरेशन करने का आरोप लगाकर जबरदस्त हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उनको समझाकर शांत किया।
मृतका के पति की तहरीर पर नर्सिंग होम संचालिका समेत दो के खिलाफ रिपोर्ट कायम कर ली है। महिला व नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर घटना के बाद से नर्सिंग होम पर ताला डालकर संचालिका फरार है।
मोहल्ला अहमदनगर निवासी पिंटू उर्फ जयकिशन की पत्नी मधु को गत 13 अक्टूबर की सुबह 11 बजे प्रसव पीड़ा हुई थी, जिस पर उसने पत्नी को अमरोहा कांठ मार्ग किनारे स्थित मुरादाबाद नर्सिंग होम में भर्ती कराया था।
डा. संजीदा परवीन ने अपने अस्पताल में सभी जांच पूर्ण कराने के बाद उसको नार्मल डिलीवरी का भरोसा दिलाया था। आरोप लगाया था कि शाम उसको व परिवार को बगैर बताए डाक्टर ने पत्नी का आपरेशन कर दिया। गलत तरीके से ऑपरेशन होने की वजह से पैदा हुई नवजात बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसी बीच पत्नी की भी मौत हो गई।
आरोप है कि पत्नी की मौत की सूचना डाक्टर ने उसे व परिवार को तक नहीं दी। रात में उसे तुरंत दूसरे अस्पताल से उसको लेकर जाने की बात कही। परिवार के लोगों ने उसकी स्थिति देखी तो सांसें थमी हुई थीं। तसल्ली के लिए साईं अस्पताल मुरादाबाद ले गए। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद नर्सिंग होम पर पहुंचे परिजनों ने हंगामा किया। डाक्टर पर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। खबर पर पहुंची पुलिस ने परिवार के लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। नवजात व महिला की लाश को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों की मानें तो मृतका का यह तीसरा बच्चा था।
दोनों नर्सिंग होम पर छापा मारा गया था, जांच में अस्पताल फर्जी तरीके से चलता पाया गया, अस्पताल रजिस्टर्ड नहीं है, इस मामले में नर्सिंग होम के संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है, शुक्रवार को नर्सिंग होम को सील कर दिया गया है।
डा. रामजी वर्मा, नोडल अधिकारी।
डाक्टर की डिग्री फर्जी है। पूरी तरह अवैध रूप से चल रहा था। मृतका के पति की ओर से तहरीर मिली है, जिस पर नर्सिंग होम संचालिका समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी को कार्रवाई होगी।
शील कुमार, सीओ सिटी