सैदनगली (अमरोहा)। गांव वहांपुर निवासी कपिल कुमार का शव बृहस्पतिवार को फंदे से लटका मिला। ससुराल वालों ने परिजनों पर हत्या का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उझारी निवासी धर्मेंद्र ने अपनी बेटी सलोनी की शादी 14 नवंबर 2025 को सैदनगली थाना क्षेत्र के ग्राम वहांपुर निवासी कपिल कुमार से की थी। उनका कहना है कि सलोनी के ससुराल वाले बेटी और दामाद कपिल कुमार को परेशान करते रहते थे, जिसकी वजह से दामाद परेशान चल रहे थे। बृहस्पतिवार की दोपहर को कपिल कुमार का शव गांव के पास ही आम के बाग में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। परिजन शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी करने लगे। सूचना मिलते ही युवक की ससुराल से ससुर व अन्य लोग पहुंच गए। उन्होंने परिजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। लोगों को समझाकर शांत कराया।
सैदनगली थाना प्रभारी निरीक्षक संजय प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के ससुराल वालों की शिकायत पर युवक की मौत का कारण जानने के लिए शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।