गजरौला (अमरोहा)। सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की शिकायत पर दूसरे समुदाय के युवकों ने दुकानदार के साथ मारपीट की। साथ ही फायरिंग कर दुकानदार, उसके पिता और तहेरे भाई को घायल कर दिया।
अवंतिका नगर मोेहल्ला निवासी कपिल गोस्वामी की घर के बाहर ही मसाला की दुकान है। कपिल का आरोप है कि जलाल नगर मोहल्ला निवासी दूसरे समुदाय के युवक ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। वह युवक आपराधिक प्रवृत्ति का है। बृहस्पतिवार शाम करीब 8 बजे दुकान बंद करने के बाद वह उस युवक के घर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की शिकायत करने गए। वह युवक नगर पालिका के बराबर वाली मस्जिद के निकट मिल गया। शिकायत करने पर वह गाली गलौज करते हुए मारपीट को उतारू हो गया। आरोप है कि उसने अपने परिचितों को बुला लिया। थोड़ी देर में उसके 15-20 साथी एकत्र हो गए। उन्होंने आते ही कपिल के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पथराव भी कर दिया। झगड़ा होते देख अफरा तफरी मच गई। शोर शराबा सुन कपिल के पिता ओमकार वन और तहेरा भाई मन्नू पहुंच गए। दबंग प्रवृत्ति के आरोपियों ने उन पर भी पथराव कर दिया। इस दौरान आरोपी युवकों ने तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। कपिल को कई छर्रे लगे। जिससे वह घायल हो गए।
उसके पिता की कमर में तहेरे भाई मन्नू भी छर्रे लगने से घायल हो गए। सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। पुलिस को देख आरोपी भाग गए। कपिल और उनके परिचित थाने गए। पुलिस उनको मेडिकल के लिए सीएचसी में लेेकर आई। यहां कपिल, उनके पिता ओमकार वन और मन्नू का मेडिकल कराया गया। इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि घायलों का मेडिकल करा दिया गया है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।