अमरोहा। डिडौली में पुराने थाने की बिल्डिंग के सामने नाले में रविवार को करीब 40 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। बदबू आने पर दुकानदारों ने जाकर देखा तो नाले के स्लैब के नीचे कई दिन दिन पुराना शव फंसा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया,लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी।
डिडौली गांव में पुराने थाने की खंडहरनुमा बिल्डिंग के सामने नाले है। रविवार की सुबह दुकानों पर पहुंचे तो अचानक नाले से बदबू आने लगी। इसके बाद नाले के पास दुकानदारों की भीड़ जमा हो गई। तभी कुछ दुकानदारों ने स्लैब के नीचे झांक कर देखा तो शव के पैर दिखाई दिए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ट्रैक्टर बुलाकर स्लैब को हटवाया तो नाले की कीचड़ में करीब चालीस वर्षीय व्यक्ति का शव मुंह के बल पड़ा हुआ था। मृतक ने सफेद शर्ट और काली लोअर पहन रखी थी। शव पूरी तरह सड़-गल चुका था। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। व्यक्ति की हत्या हुई है या आत्महत्या पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।