हसनपुर(अमरोहा)। अतरासी मार्ग पर सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने एक ई रिक्शा चालक को रोक कर घायल को उसमें डालकर अस्पताल भिजवा दिया। निजी अस्पताल में चिकित्सक ने घायल को मृत घोषित कर दिया तो ई रिक्शा चालक शव को सड़क किनारे रखकर फरार हो गया। लोगों ने सड़क पर शव रखा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को सीएचसी पहुंचाया। बाद में पहुंचे परिजनों के शव सुपुर्द कर दिया।
बताते हैं कि सोमवार रात करीब 10:30 बजे स्कूटी सवार एक युवक को अज्ञात वाहन ने अतरासी मार्ग पर पेट्रोल पंप के नजदीक टक्कर मार दी। वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। इस दौरान कुछ राहगीरों ने घायल और बेसुध पड़े में युवक को ई रिक्शा में बैठा कर चालक से अस्पताल लेकर जाने को कहा। चालक एक निजी अस्पताल पहुंचा जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह बात सुनकर ई रिक्शा चालक के होश उड़ गए। लोगों का कहना है कि ई रिक्शा चालक नगर में गुरुद्वारा के पास शव सड़क पर रखकर फरार हो गया। इसके बाद कुछ लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी भिजवाया। यहां युवक की पहचान करनपुर की मढै़या निवासी 25 वर्षीय उमेश के रूप में हुई। जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और घटना के प्रति नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। इसके बाद बिना किसी कार्रवाई के ही शव को अपने साथ ले गए। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। कोतवाल संजय तोमर ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई थी। कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।