रजबपुर(अमरोहा)। नेशनल हाईवे पर मंगलवार देर रात दूसरे वाहन की साइड लगने से परचून के सामान से भरी डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना से कुछ देर यातायात प्रभावित रहा।
जोया क्षेत्र के गांव पलौला निवासी मोहम्मद शाहे आलम डीसीएम में परचून का सामान लेकर दिल्ली से संभल जा रहे थे। रात करीब दो बजे गांव झनकपुरी के पास दूसरे वाहन ने उनकी डीसीएम में साइड मार दी। इससे वाहन सड़क किनारे पलट गया। आसपास के लोगों ने डीसीएम में फंसे घायल चालक को बाहर निकालने में मदद की। सूचना पर पहुंची रजबपुर पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसे में डीसीएम का सामान सड़क किनारे बिखर गया और काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने क्रेन से डीसीएम हटवाकर यातायात सुचारु कराया। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि घायल चालक को अस्पताल भिजवाकर यातायात सामान्य करा दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।