अमरोहा। वाहन चेकिंग के दौरान डिडौली पुलिस ने इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया है। वह देहात थाने से गैंगस्टर के मुकदमे में दस हजार का इनामी था। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। बाद में उसके न्यायालय में पेश जेल भेज दिया है।
डिडौली कोतवाली में अपर पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप सिंह ने गिरफ्तारी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि एसपी सुनीति के निर्देश पर शनिवार की रात डिडौली इंस्पेक्टर अजय कुमार फोर्स के साथ असगरीपुर के बस अड्डे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी उन्होंने गैंगस्टर में वांछित दस हजार के इनामी मोहर सिंह निवासी जाधोपुरथाना शहजादनगर जनपद रामपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। बताया कि मोहर सिंह अमरोहा देहात थाने से गैंगस्टर अधिनियम में वांछित चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मोहर सिंह के ऊपर अमरोहा और रामपुर जनपद के विभिन्न थानों में अवैध शस्त्र रखने और चोरी के छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य थानों से उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।