दैनिक रेल यात्री सुरक्षा परिषद ने रेलमंत्री के नाम स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने छह ट्रेनों के ठहराव और पुशपुल को दोबारा चलाए जाने की मांग की। कहा कि ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण नगर और आसपास के 100 गांवों के ग्रामीणों को बाहर आने जाने में परेशानी होती है। वहीं, नजीबाबाद पैसेंजर को हरिद्वार तक चलाए जाने की मांग की।
रविवार सुबह 10 बजे परिषद के कार्यकर्ता और पदाधिकारी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक केएल कश्यप को रेलमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें रेलमंत्री से राज्यरानी, सद्भावना, गोरखपुर स्पेशल गाड़ी, अवध आसाम और अयोध्या एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग की। कहा, गजरौला जंक्शन है। नगर के लोगों के अलावा आसपास के 100 से ज्यादा गांवों के ग्रामीण गजरौला रेलवे स्टेशन से ही आते जाते हैं, लेकिन उपरोक्त ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से लोगों को परेशानी होती है। यात्रियों की सुविधा के लिए इन ट्रेनों का ठहराव कराया जाए। पुशपुल को दोबारा चलाने की मांग की। कहा कि पूर्व में पुशपुल यात्री गाड़ी के संचालन से लोगों को आने जाने में बड़ी सुविधा रहती थी। नजीबाबाद यात्री गाड़ी को हरिद्वार तक चलाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में रामचंद्र, कुलवंत सिंह, नवीन गर्ग, डॉ.एल सी गहलौत, प्रेम शंकर अग्रवाल, चमन सिंह, योगेश, रमेश, मन मोहन सिंह सैन, राम रतन सिंह जाटव शामिल रहे। संवाद