साइबर अपराधी ने सब्जी विक्रेता काे 24 घंटे में फोन रीचार्ज न कराने की धमकी दी। उसके आधार कार्ड को ब्लॉक कर दिया। खाते से 1.22 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव कांकाठेर निवासी भारती फेरी लगाकर सब्जी बेचने का काम करते हैं। 15 नवंबर को खेत में काम कर रहे थे। उनके पास साइबर अपराधी का फोन आया। उसने भारती से कहा कि फोन रीचार्ज क्यों नहीं करा रहे हो। 24 घंटे में रीचार्ज नहीं कराने पर फोन बंद करने की धमकी दी। वहीं, कुछ ही देर में उनके फोन पर नो सर्विस लिखा आया।
वह गांव में जनसेवा केेंद्र संचालक की दुकान पर गए तो पता चला कि उनका आधार भी ब्लॉक हो गया है। कई बार प्रयास करने के बाद भी आधार के फिंगर नहीं पकड़े। वहीं, आरोपी ने एक दिसंबर को उनके खाते से तीन बार में 1.22 लाख रुपये निकाले गए। उनके मोबाइल पर मैसेज आया तो ठगी की जानकारी हुई। वह थाने गए। एसपी कार्यालय में जाकर भी शिकायत की।
रकम से मंगाया सामान हो गया डिलिवर
गजरौला। साइबर अपराध का शिकार हुए भारती ने एसपी ऑफिस में शिकायत की। उनका कहना है कि उनको पुलिस द्वारा यह बताया कि साइबर अपराधी ने खाते से जो रकम निकाली है, उससे सामान मंगाया है। जिसका ऑर्डर हो गया है। पुलिस ने उनको दस दिन बाद आने को कहा है।
कांग्रेसियों को संभल जाने से रोकने के लिए पुलिस ने की चेकिंग
गजरौला। संभल जा रहे कांग्रेसियों को रोकने के लिए पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस ने ब्रजघाट चौकी के सामने सघन चेकिंग की।संभल में 24 नवंबर को हुए बवाल में पांच युवकों की मौत हो गई। कांग्रेस नेताओं के संभल के एलान के बाद जिलेभर की पुलिस अलर्ट पर है। सोमवार को पुलिस कर्मियों दिल्ली की तरफ से मुरादाबाद की दिशा में जा रहे वाहनों को रोक कर चेक किया। जब पता चला कि कांग्रेस नेताओं काे हापुड़ जिले में ही रोक दिया गया है तो राहत की सांस ली। संवाद