अमरोहा। साइबर ठगी के बाद अब साथियों ने मजदूर के खाते में चेक लगाकर 54500 निकाल लिए। पासबुक की एंट्री कराने पर मजदूर को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने इसकी शिकायत बैंक प्रबंधक और पुलिस से की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित मजदूर रुपये की बरामदगी की मांग को लेकर दर-दर भटक रहा है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अहमदनगर निवासी राजेश कुमार पुत्र रामगोपाल एक साबुन फैक्टरी में मजदूरी करता है। वह अपने छोटे भाई संजय कुमार के साथ रहता है। परिवार में दोनों भाई ही हैं। आरोप के मुताबिक राजेश कुमार का खाता नगर कोतवाली के सामने स्थित केनरा बैंक में है। उसके पास न तो एटीएम है और न चेक बुक। बावजूद इसके शातिरों ने 17 जुलाई 2020 को चेक के माध्यम से 54500 निकाल लिए। मजदूर को इस धोखाधड़ी की भनक तक नहीं लगी। सात जनवरी 2021 को राजेश बैंक में अपनी पासबुक की एंट्री कराने पहुंचा था, तभी उसे खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने मामले की जानकारी प्रबंधक स्टाफ और पुलिस को दी। लेकिन, आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।