आदमपुर (अमरोहा)। आदमपुर में सोमवार की शाम अचानक कई घरों में हाईटेंशन लाइन का करंट दौड़ गया। जिससे बिजली के उपकरण फुंक गए। एक छात्रा करंट की चपेट में आकर झुलस गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कस्बे के संभल बस स्टैंड पर बाबू सिद्दीकी पुत्र फैयाज सिद्दीकी का परिवार रहता है। घर के कुछ दूरी पर ही 10 केवी का ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। सोमवार की शाम बाबू अपने परिवार के साथ घर के आंगन में बैठा हुआ था और बच्चे खाना खा रहे थे। इसी बीच ट्रांसफार्मर पर फाल्ट के बाद घरों में हाईटेंशन लाइन का करंट दौड़ गया। घर के आंगन में भी करंट फैल गया। जिसकी चपेट मं आकर बाबू की बेटी इल्मा झुलस गई। आसपास के कई घरों में बिजली के उपकरण खराब हो गए। तभी आनन फानन में बिजलीघर को फोन करके सप्लाई बंद कराई गई। नहीं तो कोई बड़ी घटना हो सकती थी। करंट से झुलसी इलमा को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत में सुधार है।