यमकेश्वर ब्लॉक के घारकोट के पास हाईटेंशन लाइन पर चिपका कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कुमराला चौकी क्षेत्र के तिगरी रोड स्थित गांव बसैली में मंगलवार शाम रंग में भंग पड़ गया। बारात की विदाई के दौरान बस बैक करते वक्त गढ़मुक्तेश्वर के दो बालक छत पर चढ़ गए। इस दरम्यान एक का शरीर हाईटेंशन लाइन से छू गया। इससे बस में करेंट फैल गया। किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बालक और चालक झटके से नीचे आ गिरा।
दोनों बुरी तरह झुलस गए। इधर, हादसा देख अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोग आनन फानन में किशोर को सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां चिकित्साधिकारी ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं झुलसे चालक और बालक को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
गांव बसैली निवासी इस्माइल कुरैशी पुत्र यूनुस के पांच बेटी और तीन बेटे हैं। इस्माइल की दो बेटी शीवा और सानिया की मंगलवार को बारात आयी थी। शीवा का रिश्ता हापुड़ के मोहल्ला मोतीपुरा निवासी अली मोहम्मद के बेटे और सानिया का रिश्ता गढ़मुक्तेश्वर के मोहल्ला मीरा की रेती दरगाह शरीफ के निजाम के बेटे कल्लू से तय हुआ है। दोपहर करीब दो बजे दोनों बहनों की बारात यहां पहुंची थी।
इसके बाद निकाह हुआ। शाम करीब साढ़े पांच बजे से छह बजे के बीच विदाई की तैयारी चल रही थी। इसी दरम्यान गढ़मुक्तेश्वर से आयी बारात की बस को चालक मोड़ कर साइड में लगाने लगा। यहां बस से कुछ ही ऊंचाई पर हाईटेंशन लाइन भी गुजर रही थी। इधर, जुबेर (14) पुत्र कलुआ निवासी दरगाह शरीफ (गढ़मुक्तेश्वर), आसिफ (12)पुत्र रहीश निवासी दरगाह शरीफ (गढ़मुक्तेश्वर) बस की छत पर चढ़ने लगे।
जैसे ही जुबेर बस की छत पर पहुंचा, ऊपर से जा रही हाईटेंशन लाइन का तार उससे छू गया। इससे बस में करेंट प्रवाहित होने लगा। करेंट से जुबेर की मौत हो गई, जबकि आशिफ झटके से नीचे आ गिरा। वहीं चालक जॉनी निवासी शाहजापुर (मेरठ) करेंट का झटका लगने से अपनी सीट से नीचे आ गिरा। इसमें चालक और दूसरा बालक बुरी तरह झुलस गए।
हादसा देख आसपास मौजूद बारातियों और ग्रामीणों में शोर मच गया। चीख पुकार मच गई। अफरातफरी का माहौल हो गया। आनन-फानन में ग्रामीण जुबेर को उठा कर सीएचसी ले गए। लेकिन चिकित्साधिकारी ने जुबेर को मृत घोषित कर दिया। वहीं चालक जॉनी और आसिफ को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।