अमरोहा। जेनरेटर खराब होने के दौरान बिजली जाने के बाद करीब चार घंटे तक जिला अस्पताल में सीटी स्कैन नहीं हो सके। इस दौरान मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंगलवार को बीमारियों से ग्रस्त मरीज सीटी स्कैन कराने जिला अस्पताल पहुंचे। सुबह से ही पर्चा बनवाने के बाद मरीजों की लाइन लगनी शुरू हो गई। लेकिन अचानक बिजली चली गई। जबकि जिला अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन के लिए लगा जेनरेटर पिछले एक सप्ताह से खराब है। एक के बाद एक बड़ी संख्या में मरीजों की लाइन लग गई।
पंद्रह मरीज बारह बजे तक लाइन में लगे हुए थे। बिजली के नहीं होने के कारण सुबह आठ बजे से 12 बजे तक सीटी स्कैन नहीं हो सके। हालांकि बारह बजे बिजली आने के बाद सभी मरीजों के सीटी स्कैन किए गए।
जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह ने बताया कि बिजली नहीं होने के कारण कुछ देर तक सीटी स्कैन प्रभावित रहे। इस दौरान जेनरेटर भी स्टार्ट नहीं हो सका। बिजली आने के बाद अस्पताल में आए सभी मरीजों के सीटी स्कैन कराए गए। संवाद