गजरौला। थाना क्षेत्र के गंगापार के गांव गुलालपुर में फार्म हाउस पर अनिरुद्ध और रतनपाल की हत्या करते समय हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। घटनास्थल के साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट निर्ममता को बयां कर रही है।
हत्यारों ने धारदार भारी हथियार से अनिरुद्ध के सिर, कमर और सीने पर सात और नौकर रतनपाल नौ वार किए थे। ताबड़तोड़ वार से दोनों के सिर की हड्डी और पसलियां टूट गई थीं।
दिल को भी नुकसान हुआ था। सिर की हड्डी टूटने और अधिक खून बहने से ही दोनों की मौत हुई थी। डॉक्टर का अनुमान है कि हमलावरों ने किसी कुल्हाड़ी जैसे भारी हथियार से हमला किया था।
गजरौला थानाक्षेत्र में गंगापार के गांव गुलालपुर में स्थित फार्म हाउस में सोमवार की रात इस परिसर के मालिक गोलू उर्फ अनिरुद्ध और रतनपाल भाटी की धारदार हथियार के वार से हत्या कर दी गई। नौकर जीत सिंह पर भी हमला किया गया। वह गंभीर रूप से घायल है। उसे मेरठ में उपचार दिलाया जा रहा है। मृतक गोलू उर्फ अनिरुद्ध मेरठ जनपद के मवाना थाना क्षेत्र के गांव सीना के रहने वाले मिंटू उर्फ स्वप्निल के छोटे बेटे थे।
जबकि रतनपाल भाटी नोएडा में दादरी थानाक्षेत्र के बुड़ाकी गांव के रहने वाले चेतराम सिंह के बेटे थे। पुलिस ने अनिरुद्ध और रतनपाल के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। मंगलवार की रात करीब ग्यारह बजे डॉ. कुनाल और डॉ. आरिफ शमी के संयुक्त टीम ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर के मुताबिक आरोपियों ने अनिरुद्ध उर्फ गोलू के शरीर पर सात वार किए थे। जबकि रतनपाल के शरीर पर नौ प्रहार किए गए।
इसके अलावा भी शरीरों पर चोट के निशान मिले हैं। सिर की हड्डी टूटने और अधिक खून बहने की वजह से दोनों की मौत हुई। वहीं, दिल को भी नुकसान हुआ था। दोनों के शरीर से बड़ी मात्रा में खून बह चुका था। हमलावरों ने किसी कुल्हाड़ी जैसे भारी व धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए थे।