अवैध संबंध के शक में बुधवार की रात पत्नी और छोटे भाई को गोली से मौत के घाट उतारने वाले आरोपी सीआरपीएफ कर्मी थाना पुलिस ने शुक्रवार कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। उसने पुलिस की पूछताछ में स्वीकार किया है कि शक के चलते उसने पहले पत्नी और बाद में मौके पर आए छोटे भाई की तमंचे से गोली चलाकर जान ले ली। अब वह अपनी करनी पर अफसोस जता रहा है।
थाना क्षेत्र के ईंट का रढ़ा गांव निवासी सीआरपीएफ कर्मचारी भूपेंद्र पाल ने अवैध संबंध के शक में बुधवार की रात पत्नी सुनीता और छोटे भाई रोहताश की गोली मार कर हत्या कर दी। हत्या की खबर मिलते ही एएसपी उदय शंकर सिंह, बछरायूं, रजबपुर, हसनपुर, गजरौला, धनौरा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे थे। हत्यारोपी भूपेंद्र पाल ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी।कारतूस के खोखे को बाथरूम के ऊपर छिपा दिया था। मगर पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में उसने सच उगल दिया।
अवैध संबंधों के चलते हत्या को अंजाम देना कबूल किया। उसने पुलिस को यह भी बताया था कि रोहताश घर की सुरक्षा के लिए जिस तमंचे को सिर के नीचे दबाकर सोता था, उसी से उसकी हत्या कर दी। पहले उसने पत्नी को मौत के घाट उतारा।
गोली की आवाज सुनकर आए छत पर सो रहे भाई रोहताश से काफी देर तक छीना झपटी भी हुई थी। शुक्रवार दोपहर पुलिस ने कोर्ट में पेश कर पत्नी व भाई का हत्यारोपी सीआरपीएफ जवान जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक उसे अपनी करनी पर पछतावा था।