अमरोहा। सावन का तीसरा सोमवार 28 जुलाई को है। जिले की सड़कों पर कांवड़ियों का सैलाब उमड़ने लगा है। चहुंओर कांवड़ियों का रेला दिखाई दे रहा है। बाइक व अन्य वाहनों पर बैठकर शिवभक्त कंधे पर कांवड़ लेकर बम-बम भोले का जयघोष करते हुए अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे हैं। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सख्त पहरा बैठा दिया है।
पुलिस ने शुक्रवार रात दस बजे हाईवे वनवे कर दिया था। दिल्ली मुरादाबाद लेन पर कांवड़िये चल रहे है जबिक मुरादाबाद दिल्ली लेन पर दोनों ओर के छोटे वाहन। इसके अलावा भारी वाहनों को डायवर्ट किया गया है। वहीं, पुलिस के मुताबिक कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने पर रविवार से हाईवे पर छोटे वाहनों के चलने पर भी पाबंदी लगाई जा सकती है।
संभल, बुलंदशहर, हापुड़, मुरादाबाद, बरेली, रामपुर के शिवभक्त कांवड़ और गंगाजल ब्रजघाट पहुंच रहे हैं। कुछ शिवभक्त गंतव्य को लौटने लगे हैं। कांवड़ियों की चारों तरफ से भीड़ उमड़ रही है। जगह-जगह लगे भंडारा स्थलों पर शिवभक्तों का तांता लगा रहा है। वहीं, हरिद्वार से आने वाले कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी तैयारियां पुख्ता कर ली है। भारी वाहनों को रूट डायवर्जन कर और चौराहों पर तैनात पुलिस व्यवस्था को संभाल रही है।
कांवड़ियों की सुरक्षा के लिहाज से सड़कों पर पुलिस तैनात है। साथ ही संवेदनशील और मिश्रित इलाकों पर नजर रखी जा रही है। जरूरत के आधार पर हाईवे या अन्य मार्गों पर रूट डायवर्जन कर दिया गया है। एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्वक चल रही है। शनिवार को कांवड़ियों की भीड़ कम रही है। इसके लिए मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर दोनों तरफ छोटे वाहन चल रहे हैं। दिल्ली से मुरादाबाद लेन पर कांवड़िये चल रहे हैं। जरूरत पड़ने पर रविवार दोपहर के बाद से सोमवार की दोपहर तक छोटे वाहन के चलने पर भी पाबंदी लगा दी जाएगी। इसके बाद दोनों लेन पर कांवड़िये चलेंगे।