फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: करोड़ों गए गड्ढे में, सड़कें फिर भी जर्जर

Tue, 03 Jun 2025 02:00 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। हर साल करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी सड़कों में गड्ढे ही गड्ढे हैं। यह स्थिति शहर से लेकर गांव तक की सड़कों की है। कागजों में गड्ढा मुक्त जनपद की सड़कों की हकीकत बिल्कुल उलट है।
विज्ञापन

यह आलम तब है जब लगातार शासन सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश देता रहा है। आने वाले दिनों में बरसात शुरू होने वाली है। ऐसे में सड़कों पर चलना और भी जोखिम भरा रहेगा। बारिश का पानी भर जाने से सड़कों के गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं। अनजान व्यक्ति रात के अंधेरे में इन गड्ढों वाली सड़कों से गुजर जाए, तो बिना चोट खाए रह ही नहीं सकता।
कई बार चार पहिया वाहन भी गड्ढों में फंस जाते हैं। जबकि, बाइक सवार अक्सर गिरकर चोटिल होते रहते हैं। पीडब्ल्यूडी, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, क्षेत्र पंचायत के अलावा नगर पालिका व नगर पंचायतों को सड़कों के गड्ढे भरना है। बावजूद इसके अधिकारी उदासीन हैं। सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के मुख्यमंत्री के आदेश सिर्फ कागजों में सिमटकर रह गए हैं। आदेश की समय सीमा बढ़ने के बाद भी शहर समेत जिलेभर की ज्यादातर सड़कों की सूरत नहीं बदल सकी है। ऐसे में लोग गड्ढा युक्त सड़कों से ही होकर गुजर रहे हैं।
विज्ञापन

हसनपुर और रहरा मार्ग पर गांव रूस्तमपुर में गड्ढे बने मुसीबत
हसनपुर। हसनपुर से रहरा को जोड़ने वाले मार्ग पर गांव रूस्तमपुर में गड्ढे ही गड्ढे हैं। इसके अलावा गांव गांगटकोला से कुटी स्कूल बीच भी गड्ढा बन गया है। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हसनपुर से झकड़ी, नंगलिया मुंशी व बालानांगल और भदौरा को जोड़ने वाला मार्ग भी जर्जर है। हसनपुर से बसेड़ा खुर्द को जोड़ने वाला मार्ग की हालत भी खस्ताहाल है। जिससे राहगीरों को दिक्कतों सामना करना पड़ रहा है।

शिकायत के बाद भी अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान

आदमपुर। उझारी-ढबारसी मार्ग पर गांव बागड़पुर मुंजप्ता के पास सड़क पर गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं। ढबारसी से गांव भीमा सुल्तानपुर जाने वाला मार्ग भी जर्जर अवस्था में है, जिस पर पानी भरा है। ग्रामीणों को पानी के बीच से निकल कर जाना पड़ता है। इसके अलावा गांव ढेंकला से इकोना मार्ग भी जर्जर अवस्था में है। कई बार शिकायत के बाद भी इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
मंडी धनौरा क्षेत्र की सड़कें भी क्षतिग्रस्त
मंडी धनौरा। क्षेत्र के गांव आजमपुर में लोक निर्माण विभाग की सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़कों में गड्ढे हो जाने के कारण सड़क पर गंदा पानी भरा रहता है। ग्रामीण कई बार विभागीय अधिकारियों से सड़क निर्माण की मांग कर चुके हैं। लेकिन, अभी तक सड़क निर्माण का कार्य नहीं हो पा रहा है।
कैलसा-बारसपुर सड़क की हालत दयनीय : अमरोहा-पाकबड़ा मार्ग के कैलसा चौराहा से बारसपुर को जाने वाली सड़क टूटी हुई है, जिसे लेकर राहगीरों में रोष है। आए दिन सड़क पर हादसे होते रहते हैं। जबकि, यह काफी व्यस्त सड़क है। कैलसा चौराहे से पृथ्वीपुर रेलवे फाटक से होता हुआ यह रास्ता बारसपुर, चक, भोपुर, निजामपुर सेंदरी, कुम्हारिया होता हुआ लालूनंगला सडक पर जाकर मिलता है। मार्ग पर करीब 20 से ज्यादा गांव पड़ते हैं। कुछ समय पहले गड्ढे भरे गए थे, जो फिर उखड़ गए हैं। जब से मोड़ी जट वाले रेलवे फाटक पर अंडर पास का काम शुरू हुआ है। तब से अमरोहा पाकबड़ा मार्ग पर जाने वाले सारे वाहन इसी रास्ते से होकर गुजरते है। अब बरसात के मौसम में यहां सड़कों पर पानी भर जाएगा।
- जिले में कई सड़कों की मरम्मत का काम चल रहा है। सड़कों को गड्ढा मुक्त रखना हमारी प्राथमिकता में हैं। बरसात से पहले सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाएगा। जो सड़कें टूटी पड़ी हैं, उनकी मरम्मत कराई जाएगी। - इंजीनियर गिरीश कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें