जयतौली प्रथमा बैंक मैनेजर को जान से मारने की धमकी देने के मामले में हसनपुर मंडी समिति प्रथमा बैंक के पूर्व प्रबंधक फंस गए हैं। पीड़ित की तहरीर पर हसनपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। धमकाने वाला पूर्व प्रबंधक करोड़ों के घोटाले में निलंबित हो चुका है।
हसनपुर के राजपूत कालोनी निवासी अजय कुमार शर्मा क्षेत्र के गांव जयतौली प्रथमा बैंक में शाखा प्रबंधक हैं। पिछले दिनों मंडी समिति बैंक में करोड़ों के घोटाले का खुलासा होने पर तत्कालीन प्रबंधक विपिन कुमार को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद जयतौली प्रबंधक को हसनपुर की मंडी समिति बैंक का कार्यवाहक प्रबंधक बनाया गया था। लेकिन, उन्होंने एक सप्ताह तक बैंक की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद उनको फिर से जयतौली बैंक सौंप दी गई।
अजय कुमार शर्मा के मुताबिक रविवार को फोन आया। संबंधित व्यक्ति ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। धमकी भरी आवाज करोड़ों के घोटाले में निलंबित चल रहे मंडी समिति प्रथमा बैंक के पूर्व मैनेजर विपिन कुमार की है। इसके बाद पीड़ित प्रबंधक के परिजनों में हड़कंप मच गया। घबराए परिजन आनन-फानन में कोतवाली पहुंचे और नामजद तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर विपिन कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।