नगर में इंटर की दो छात्रा को नौकरी का झांसा देने वाली युवती को पकड़ लिया गया। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने पकड़ी गई युवती से पूछताछ की जा रही है। युवती पर आरोप है कि वह इंटर की छात्रा को नौकरी दिलाने के लिए तरह-तरह के झांसे दे रही थी।
रजबपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की दो छात्राएं नगर के एक इंटर कालेज में कक्षा बारह की परीक्षाएं दे रही हैं। बताया जाता है कि करीब पांच दिन पूर्व नगर के इंद्राचौक पर इन छात्राओं को एक युवती मिली थी। युवती ने राह चलती छात्राओं को नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। दो सौ रुपये और दस्तावेज लेकर गुरुवार को रेलवे स्टेशन पर बुलाया था। उधर, छात्राओं ने मामले की जानकारी परिजनों को दी।
इसके बाद गुरुवार को परिजन छात्राओं संग रेलवे स्टेशन पहुंच गए। यहां जीआरपी ने युवती को पकड़ लिया। जीआरपी चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पकड़ी गई युवती से पूछताछ की जा रही है। उसके परिजनों को जानकारी दी गई है। परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। ब्यूरो