सऊदी में मोटी कमाई के लालच में आकर तमाम युवा और उनके परिवार बर्बाद हो चुके हैं। इस प्रकार के मामलों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पूरे मंडल के लगभग सभी जिलों के युवा सऊदी जाकर करोड़पति बनने के ख्वाबों में अपनी लाखों की संपत्ति बर्बाद कर चुके हैं। लेकिन उनके इस लालच का फायदा उठाकर जालसाज आसानी से अपना हाथ साफ कर रहे हैं। बबार्द हो चुके युवा और उनके परिजन अपने दिए एक वीजा के नाम पर रुपयों के भुगतान को पुलिस का सहारा लिया है। लेकिन उन्हें वहां से भी कोई खास तवज्जो नहीं मिल रही है।
हालिया मामला रविवार का है जब अमरोहा देहात थाना के अंतर्गत बागड़पुर कला गांव निवासी बुजुर्ग मोमीन पुत्र जमील ने अपनी पत्नी जमीला के साथ बताया कि उसके गांव के तमाम लड़कों को रामपुर जनपद के टांडा बिसुपरी थाना क्षेत्र के निवासी रिजवान नाम के युवक ने सऊदी भेजा। जिससे उसके पुत्र नईम ने भी संभल के शाहपुर चमारन निवासी अपने साथी दिसान पुत्र सौकत, मुरादाबाद के मड़इयो निवासी नसीम के साथ सऊदी जाने की सोची और रिजवान को तीनों ने एक लाख छप्पन हजार रुपये वीजा बनवाने को दे दिए लेकिन इसके बावजूद भी उनका वीजा नहीं मिला। अब आलम यह है कि लोग करोड़पति तो नहीं बन सके लेकिन पूरा परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गया है। बुजुर्ग दंपति ने बताया उसने तमाम बार मामले की शिकायत पुलिस से की जहां से तहरीर लेकर उसे इधर-उधर घुमाया जा रहा है।