ओसामाफी ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान का शव आम के बाग में पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। देर शाम आई पीएम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव ओसामाफी निवासी कृष्ण अवतार सैनी (45) पुत्र पतराम सिंह गांव का प्रधान है। मंगलवार सुबह जब लोग जंगल की तरफ गए तो मनीराम के आम के बाग में एक पेड़ पर प्रधान का शव प्लास्टिक की रस्सी से लटका हुआ था। इस पर परिजनों को जानकारी दी गई।
इधर, सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। बाद में पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा। इधर, मृतक के चाचा अनूप सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें हत्या का आरोप लगाया गया है। तहरीर में कहा गया है कि, रात दो बजे गांव के ही दो लोग प्रधान को अपने साथ ले गए थे और मंगलवार सुबह प्रधान का शव पेड़ से लटका मिला। मांग की कि दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पीएम रिपोर्ट के बाद ही मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।