गजरौला। खाईखेड़ा खादर में ईद के दिन हुए विवाद में घायल बुजुर्ग ने इलाज के दौरान मेरठ में दम तोड़ दिया था। मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओ में मामला दर्ज कर लिया है।
थाना क्षेत्र के खाई खेड़ा खादर में ईद के दिन बच्चो को लेकर बड़ों में विवाद हो गया था। पथराव और गोलीबारी में 25 से अधिक लोग घायल हो गए थे। एक पक्ष के गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग अजीमुल्ला ने 24 जून को मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। मेरठ में ही अजीमुल्ला का पोस्टमार्टम कराया गया। 25 जून की शाम मृतक के परिजन शव लेकर थाने पहुंचे। मामले में पुलिस को तहरीर देकर 24 नामजद और तीस अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। जिस पर परिजनों ने कोर्ट से गुहार लगाई। अदालत के आदेश पर पुलिस ने गांव के ही हनीफ, भूरे, अकबर ,शरीफ, नजीर, इंसार अली, इस्लाम, यूसुफ और यामीन के खिलाफ हत्या का रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसी मामले में दूसरे पक्ष के गंभीर रुप से घायल शाहिद की 17 जून को मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। शाहिद की हत्या के आरोप में मृतक अजीमुल्ला समेत उसके पक्ष के सात लोगों को नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा पुलिस ने पहले ही दर्ज कर लिया था।