मिस्त्री का शव रखकर थाना घेरा, कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूूरो
गजरौला।
हाईवे पर शोहदों की पिटाई से घायल मिस्त्री की उपचार के दौरान मेरठ के अस्पताल में हुई मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजन और ग्रामीण देर रात करीब 11 बजे थाने पहुंचे। देर रात शव पहुंचने पर गजरौला थाने पर शव रखकर घेराव कर दिया। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा कर दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मरने से पहले मुशरान ने उन्हें पूरा घटनाक्रम बताया था।
हसनपुर निवासी ट्रक मिस्त्री मुशरान की मेरठ के अस्पताल में सोमवार देर शाम हुई मौत की सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोग भड़क गए। कुछ लोग एकत्र होकर मेरठ पहुंच गए। वहां से मिस्त्री का शव लेकर सीधे गजरौला थाना पहुंच गए। थाने के बाहर शव रखकर लोगों ने थाना घेर लिया। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की गई। लोगों का कहना है कि चार दिन पहले कुछ शोहदे एक लड़की को लेकर ट्रक मिस्त्री की दुकान के पास आए थे। उसके साथ अश्लील हरकत कर रहे थे। मिस्त्री ने इस बात का विरोध करते हुए उन्हें वहां से भगा दिया था। शोहदे उसे देख लेने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए थे। रविवार रात बाइक सवार करीब छह शोहदे उसकी दुकान पहुंचे और सरियों से उसे पीटना शुरू कर दिया। सोते हुए वार किया गया। शोर की आवाज सुनकर आस पास सो रहे लोग आ गए। उन्होंने समझा चोर हैं तो वह चोर-चोर का शोर मचाते हुए भागे। शोहदे अधमरी हालत में मुशरान को छोड़कर बाइकों से भाग गए। घायल मुशरान को गजरौला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर देख उसे तुरंत ही रेफर कर दिया। मेरठ के अस्पताल से जब देर शाम परिजनों और ग्रामीणों को उसकी मौत की खबर लगी तो वह मेरठ पहुंचे और उसका शव लेकर देर रात करीब 11 बजे गजरौला थाने पहुंच गए। यहां थाने के बाहर शव रखकर हंगामा किया। पुलिस से आरोपी शोहदों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस के काफी समझाने और कार्रवाई का आश्वासन देने पर परिजन और ग्रामीण शांत हुए। परिजनों ने कहा कि हाईवे पर पास में पुलिस पिकेट रहती है, मुशरान पर जब हमला हो रहा था। तो वह जोर से चिल्ला रहा था। लेकिन कोई पुलिस कर्मी मदद के लिए नहीं पहुंचा। परिजनों ने की तहरीर पर छह अज्ञात के खिलाफ गजरौला थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। देर रात तक थाने के बाहर भीड़ जमा थी।
बाइक छोड़ भागे आरोपी
गजरौला। हाईवे पर चौपला के पास स्थित ट्रक मिस्त्री की दुकान के बाहर सो रहे ट्रक मिस्त्री मुशरान पर जब आरोपी हमला कर रहे थे, तो चीखपुकार मचने पर आसपास से रहे लोग मौके की तरफ दौड़ने लगे। लोगों का आता देख आरोपी एक बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बाइक बरामद की है।
वर्जन
हाईवे पर मारपीट में घायल मिस्त्री की उपचार के दौरान मौत हुई है। मामले में अज्ञात छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की एक बाइक बरामद की गई है। उसी के आधार पर आरोपियों की तलाश की जाएगी। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।
- जगवीर सिंह चौहान, सीओ धनौरा।