मंडी धनौरा। थाना क्षेत्र के गांव बसी मुस्तकम से बीती पांच जून को लापता किशोर को पुलिस ने बछरायूं थाने के गांव लखमिया से बरामद कर लिया है। उसके अपहरण की रिपोर्ट परिजनों द्वारा तीन युवकों के खिलाफ दर्ज कराई गई थी। परिजनों के दबाव में पुलिस ने तीनों नामजद युवकों को जेल भेज दिया था। आरोपियों के परिजनों का आरोप था कि किशोर को उसके परिजनों ने ही गायब कर रखा है।
बसी मुस्तकम निवासी मोहित पांच जून को पास में बह रही नदी में नहाने गया था। वही पर खाबड़ी गांव के शेखर, दिनेश व शहजाद भी नहा रहे थे। आरोप है कि मोहित ने उनकी जेब से मोबाइल व रुपये निकाल लिए थे। पकड़े जाने पर मोहित घबरा गया और घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने तीनों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी। यही नहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाने के बाहर प्रदर्शन भी किया था। जेल भेजे गए युवकों के परिजनों का आरोप था कि मोहित को उसके ही परिजनों ने छिपा रखा है। बीती 24 जून को भाकियू की तहसील इकाई ने भी प्रदर्शन किया था। भाकियू का भी कहना था कि मोहित शुक्रवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने पर उसे लखमिया गांव से बरामद कर लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।