मूंढ़ाखेड़ा चौकी इंचार्ज को लाइन में भेजा, सिपाही सस्पेंड
- मस्जिद पर लाउडस्पीकर लगने से रोकने में नाकाम रहने पर कार्रवाई
- पुलिस-प्रशासन की अनुमति के बिना लगाया गया था लाउडस्पीकर
- दूसरे समुदाय ने आपत्ति जताते हुए पुलिस को सूचना दी थी
अमर उजाला ब्यूरो
नौगावां सादात। थाना क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन की अनुमति के बगैर मस्जिद पर लाउडस्पीकर लगने देने के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने मूंढ़ाखेड़ा चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया है, जबकि सिपाही को सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा इस मामले में 17 लोगों के खिलाफ निषेधाज्ञा उल्लंघन, आपसी भाईचारे को खत्म करने और दूसरे धर्म के प्रति आपत्तिजनक शब्द कहने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना क्षेत्र के मूढ़ाखेड़ा गांव में मस्जिद पर लाउडस्पीकर का पुराना विवाद है। चूंकि गांव में मंदिर पर लाउडस्पीकर लगा है, लिहाजा दूसरे समुदाय के लोग अपने धर्म स्थल पर भी लाउडस्पीकर लगाने की कोशिश करते हैं। मंगलवार को पुलिस ने मस्जिद पर लगा लाउडस्पीकर उतरवा दिया था। इस बीच शाम को किसी ने फिर लाउडस्पीकर लगा दिया। जिस पर दूसरे समुदाय ने एतराज जताते हुए यूपी-डायल 100 को सूचना दी। इस पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने मस्जिद पर नई परंपरा डालते हुए लगाए गए माइक को उतरवा दिया। उधर इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र गांव में गए। एसपी ने दोनों समुदायों के लोगों से मिल जुल कर रहने की अपील की। साथ ही चौकी इंचार्ज को नई परंपरा डालने की कोशिश करने वालों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं अब पुलिस-प्रशासन की अनुमति के बगैर मस्जिद पर माइक लगाए जाने से रोकने में नाकाम रहने के आरोप में एसपी ने मूंढ़ा चौकी इंचार्ज अजेंद्र तोमर को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं चौकी के सिपाही आरिफ के खिलाफ पुलिस अधीक्षक ने निलंबन की कार्रवाई की। एसपी के निर्देश पर दूसरे धर्म के प्रति आपत्तिजनक शब्द कहने, धारा 144 के उल्लंघन करने एवं आपसी भाईचारे को खत्म किए जाने के मामले में 17 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बयान-
मूंढ़ा खेड़ा में एक धर्मस्थल पर लाउडस्पीकर लगने से रोकने में नाकाम रहने पर चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर किया गया है तथा सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया, साथ ही 17 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। - संतोष कुमार मिश्र पुलिस अधीक्षक।