ट्रक के फर्श के नीचे छिपाई गई थी शराब
पुलिस ने हाईवे पर दिल्ली की ओर से आता ट्रक किया चेक
अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला।
थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे पर मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध ट्रक को रोक ा। चेकिंग में ट्रक के फर्श के नीचे भारी मात्रा में छिपाई गई अवैध शराब बरामद की है। यह शराब हरियाणा और पंजाब मार्का की है। पुलिस ने ट्रक के साथ दो आरोपियों को भी पकड़ लिया है। पुलिस बरामद शराब की कीमत करीब बारह लाख रुपये बता रही है।
रविवार सुबह को थाना पुलिस को सूचना मिली की कि एक ट्रक दिल्ली की ओर से गजरौला की तरफ आ रहा है। इसमें भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अरविंद मोहन शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रुकवाकर तलाशी शुरू की। पहली नजर में ट्रक पूरा खाली दिखा। लेकिन, पुलिस ने बारीकी से पड़ताल की, तो ट्रक के फर्श के नीचे बॉक्स बने हुए थे। जिसमें शराब की पेटियां भरी हुईं थीं। पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर थाने ले आई। ट्रक से शराब निकलवाई गई। पुलिस ने दो आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक पकड़ी गई शराब पंजाब और हरियाणा की है।
शराब माफिया ने बनवाया विशेष ट्रक
गजरौला। पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए शराब माफिया अब नया रास्ता अपना रहे हैं। लाख पाबंदियों के बाद भी शराब माफिया हरियाणा समेत दूसरे राज्यों से यूपी में शराब आसानी से पहुंचा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने स्पेशल ट्रक तैयार किए हैं। यह ट्रक पुलिस की आखों में धूल झोंकने के लिए बनाए गए हैं। देेखने में लगेगा कि ट्रक एक दम खाली है। लेकिन इन्हीं ट्रकों में लाखों रुपये की अवैध शराब भरी होती है।
हाईवे से एक ट्रक पकड़ा है, जिसमें करीब बारह लाख रुपये की हरियाणा मार्का और पंजाब की अवैध शराब बरामद की गई है। मौके से दो आरोपियों को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
अरविंद मोहन शर्मा, थानाध्यक्ष