मंडी धनौरा। स्वयं को हिंदू युवा वाहिनी का प्रदेश पदाधिकारी बताने वाले एक युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर दर्ज की गई रिपोर्ट में आरोपी पर जान से मारने की धमकी देकर रिश्ता तुड़वाने का भी आरोप है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार गांव निवासी युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। शादी के लिए जब भी युवक से कहा गया लेकिन वह हर बार टालता रहा। रिपोर्ट के मुताबिक उसके पिता ने उसका रिश्ता किसी अन्य जगह तय कर दिया लेकिन आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर उसका रिश्ता तुड़वा दिया। जबकि अगले दिन ही बारात आनी थी। युवती अपनी गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश हुई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना पुलिस ने सचिन वढेरा व उसके तहेरे भाई पृथी सिंह के खिलाफ दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सचिन वढेरा स्वयं को हिंदू युवा वाहिनी का प्रदेश पदाधिकारी बताता रहा है।