हसनपुर। आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव पोरारा के जंगल में गंगा किनारे गर्दन कटा एक युवक तड़पते हुए मिला। उसकी हालत गंभीर है। आवाज नहीं निकल रही है। युवक हापुड़ के गांव इनायतपुर का बताया जा रहा है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताते हैं कि शुक्रवार शाम को कुछ ग्रामीणों ने वन विभाग के जंगल में एक युवक को जमीन पर पड़ा हुआ देखा। लोग उसके पास पहुंचे तो युवक की गर्दन कटी हुई थी, लेकिन अलग नहीं थी। युवक तड़प रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताते हैं कि युवक क्षेत्र के एक गांव गुरैठा बरात में आया था। यहां से वह अपने कुछ साथियों के साथ जंगल की तरफ घूमने गया था। उसके साथी ही गर्दन रेतकर फरार हो गए। आदमपुर थाना अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि घायल युवक जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के गांव इनायतपुर का 24 वर्षीय राकेश पुत्र ओमी बताया जा रहा है। गांव में सूचना दी गई है। उसकी आवाज नहीं निकल रही है। गंभीर हालत में उसे रेफर किया है।