हसनपुर। नगर की मंडी समिति में मजदूरी के रुपयों को लेकर मामूली कहासुनी के बाद आढ़ती और पल्लेदारों में मारपीट हो गई। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मारपीट में तीन पल्लेदार घायल हो गए हैं। मौके पर पुलिस पहुंच गई। मामले में चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बताते हैं कि कोतवाली क्षेत्र के गांव सकरौली मिलक निवासी ओमवीर, नेतराम और बलिया काफी समय से मंडी समिति में स्थित एक आढ़ती के यहां काम करते थे। कुछ समय पूर्व किसी बात पर मनमुटाव हो जाने के बाद उन्होंने वहां से काम छोड़ दिया था। मंगलवार सुबह को उसी आढ़ती को मजदूरों की आवश्यकता थी। जिसको लेकर उसने मजदूरों को बुलाया था। यहां मामूली कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। जमकर लाठी-डंडे चले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जमकर हंगामा हुआ। मारपीट में मजदूर ओमवीर, नेतराम और बलिया घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। मजदूरों का आरोप है कि कम मजदूरी पर काम कराने को लेकर मारपीट की गई। प्रभारी निरीक्षक संजय प्रताप सिंह ने बताया कि मारपीट में घायल मजदूरों का उपचार कराया गया है। मजदूरों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मोहित, पंकज, करन सिंह और रोहित निवासी गांव डोमखेड़ा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पंकज और रोहित को हिरासत में लिया है।