नौगांवा सादात में कारपेंटर की दुकान में लगी आग में जलकर राख हुआ सामान
- फोटो : JPNAGAR
नौगांवा सादात (अमरोहा)। कस्बे में हुसैनी चौक खेड़ी के मोड़ के पास कारपेंटर की दुकान में मंगलवार की रात आग लग गई। इस घटना में दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। दुकान स्वामी को घटना की जानकारी बुधवार की सुबह हुई। वहीं, आग लगने से दुकान के बराबर में मौजूद सेनेटरी गोदाम में रखा प्लास्टिक का सामान भी पिघल गया।
नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के गांव नौगांवा तगा निवासी नफीस पुत्र अब्दुल कारपेंटर का काम करता है। उसने हुसैनी चौक खेड़ी का मोड़ के पास किराए पर दुकान ले रखी है। सोमवार की शाम वह दुकान बंद कर चला गया था। मंगलवार की रात किसी समय उसकी दुकान में आग लग गई। इसके चलते दुकान में रखा जनरेटर, रम्मा मशीन, हैमर, कटर मशीन, लकड़ी की सिल्ली, विंडो चौखट आदि जलकर राख हो गए। वहीं आग की तपिश से नरोत्तम सिंह पुत्र गजराम सिंह निवासी कायमपुर के सेनेटरी गोदाम में रखी प्लास्टिक की टंकी, पाइप समेत अन्य सामान पिघल गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दे दी है।