अमरोहा। गजरौला पुलिस ने चोरी के वाहन खरीद कर उनके पुर्जे बेचने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से मारुती कार, बाइक और स्कूटी समेत सात वाहनों के अधकटे पुर्जे मिले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
पुलिस ऑफिस में अपर पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप सिंह ने खुलासा किया। उन्होंने बताया कि एसपी डॉ विपिन ताडा के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में सोमवार की रात धनौरा सीओ मोनिका यादव के पर्यवेक्षण में गजरौला इंस्पेक्टर जयवीर सिंह फोर्स के साथ चेकिंग कर रहे थे। तभी उन्होंने हसनपुर रोड स्थित अलीपुर भूड़ सुल्तान नगर स्थित बने एक गोदाम में छापे मारकर कार्रवाई की। जहां पर नन्हे सिंह और पवन कुमार निवासी मोहल्ला अलीपुर भूड़ सुल्तान नगर को वाहनों के पुर्जे अलग करते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से एक अदद कटी मारुती कार, एक बाइक और एक स्कूटी, दो बाइकों के इंजन, दो कारों के इंजन समेत सात वाहनों के पुर्जे बरामद हुए है। एएसपी के मुताबिक दोनों आरोपी शातिर किस्म के बदमाश है। चोरी के वाहन खरीद कर इनके पुर्जों को अलग-अलग कर बेच कर मोटा मुनाफा कमाते हैं। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। उनका आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
चौपला पुलिस को नहीं लग सकी चोरी के वाहनों को काटने की भनक
गजरौला। औद्योगिक नगरी में चोरी के वाहन खरीदकर काटने का धंधा अर्से से चौपला पुलिस की नाक के नीचे चल रहा था। लेकिन पुलिस को जानकारी ही नहीं थी। बताते हैं कि रविवार को सूचना के आधार पर सीओ मोनिका यादव खुद हसनपुर रोड पर अल्लीपुर भूड़ सुल्तान नगर स्थित नन्हे कबाड़ी की दुकान पर पहुंचीं तो वहां पुलिस को कार समेत कई अधकटे वाहन खड़े मिले। इसके बाद उन्होंने अपने सामने ही उसकी कबाड़ की दुकान में ताला लगवा दिया था।