अमरोहा। देहात थानाक्षेत्र में बेेखौफ चोरों ने पुलिस को ही चुनौती दे डाली। बंबूगढ़ चौराहे के निकट आबकारी इंस्पेक्टर और दो दरोगा के घर को चोरों ने निशाना बना लिया। ताले तोड़कर नकदी समेत लाखों का सामान चोरी कर लिया। तीनों भाजपा नेता के मकान में किराए पर रहते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, जांच पड़ताल की। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अफसरों के घर में चोरी के बाद लोगों में दहशत का माहौल है।
देहात थानाक्षेत्र के बंबूगढ़ चौराहे के निकट भाजपा किसान मोर्चा के पश्चिम क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राम सिंह सैनी का मकान है। मकान की तीसरी मंजिल पर आबकारी इंस्पेक्टर रविशंकर गुप्ता, क्राइम ब्रांच में तैनात एसआई किरनपाल सिंह और एसआई संजीव कुमार किराए पर रहते हैं। तिगरी धाम मेले में आबकारी विभाग का कैंप लगा है, इसलिए सोमवार की रात रविशंकर गुप्ता मेले में गए थे। किरनपाल सिंह मेला प्रभारी हैं। एसआई संजीव कुमार की ड्यूटी भी तिगरी मेले में लगी थी। सोमवार की रात तीनों अधिकारी मेले में ड्यूटी पर थे। इसी बीच बेखौफ चोरों ने पुलिस अधिकारियों के मकान को निशाना बना लिया। मेन गेट का ताला तोड़कर तीसरी मंजिल पर पहुंच गए। यहां भी तीनों के कमरों के ताले तोड़ दिए। आबकारी इंस्पेक्टर रविशंकर गुप्ता के कमरे में रखे 35 हजार रुपये, कपड़ों का बैग, जरूरी कागजात और चेक समेत हजारों का सामान चोरी कर लिया। मेला प्रभारी किरनपाल और एसआई संजीव कुमार के कमरों के ताले तोड़कर सामान उठा ले गए। मंगलवार को दोनों मेले से नहीं लौटे थे, इसलिए यहां कितने की चोरी हुई है इसका पता नहीं लग सका है। रात में करीब डेढ़ बजे आबकारी इंस्पेक्टर मेले से वापस लौटे तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, जांच पड़ताल की। फिलहाल पुलिस चोरों की सुरागरसी में लग गई है। तीनों के कमरे से लाखों का सामान चोरी होने का अनुमान है। एसओ अरिहंत कुमार ने बताया कि मेरी ड्यूटी तिगरी मेले में लगी है। चोरी के मामले में जानकारी नहीं है। कचहरी चौकी प्रभारी को मौके पर भेजा है। जल्द की चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
फल खाने के बाद सामान लेकर फरार हुए चोर
अमरोहा। देहात थानाक्षेत्र के बूंबगढ चौराहे पर आबकारी इंस्पेक्टर और पुलिस दरोगाओं के कमरों में चोरी के बाद विभाग में खलबली मची है। खास बात यह है कि चोरों ने घटना को अंजाम देने से पहले एसआई संजीव कुमार के कमरे में बैठकर सेब खाए थे। इसके बाद नकदी और सामान लेकर फरार हुए। आबकारी इंस्पेक्टर रविशंकर गुप्ता के मुताबिक उनके जूते और जैकेट दूसरे स्थान पर पड़े मिले हैं।