हसनपुर के वंशीवाला महरपुर के जंगल में गंगा किनारे वन विभाग की टीम।
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर (अमरोहा)। आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव वंशीवाला महरपुर व चकफेरी के जंगल में वन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से पालेज लगाने की कोशिश कर रहे लोगों को रोकने गई वन विभाग की टीम को घेर लिया। वन अफसरों के साथ मारपीट की गई। वन क्षेत्राधिकारी की कार में आग लगाने की कोशिश की गई, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को खदेड़कर टीम को बचाया। आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
वन दरोगा सुमित राठी ने बताया कि मंगलवार शाम को सूचना मिली थी कि वंशीवाला महरपुर व चकफेरी के सामने गंगा किनारे वन विभाग के जंगल में कुछ लोग अवैध रूप से पालेज लगाने की कोशिश कर रहे हैं। वन क्षेत्राधिकारी सुभाष चौधरी, वन दरोगा हरदेव सिंह, वन रक्षक पलटराम, चरन सिंह के साथ वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। लोगों को पालेज लगाने से मना किया तो वह भड़क गए। उन्होंने कहा कि लौट जाओ वरना अंजाम भुगतना पड़ेगा। कहासुनी के बाद दूसरी ओर से फायरिंग कर दी गई। वन विभाग की टीम को डराने की कोशिश की। टीम ने इसका विरोध किया तो मारपीट शुरू हो गई। कुछ अवैध कब्जेदारों ने कार के पास में कबाड़ में आग लगाकर रेंजर की कार में आग लगाने की धमकी दी। खुद को घिरता देखकर टीम ने 100 पुलिस को फोन करके बुला लिया। लेकिन माफियाओं की संख्या बीस से अधिक होने के चलते वह पुलिस से भी नहीं डरे। इसके बाद रहरा चौकी इंचार्ज मोहित कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों को खदेड़ दिया। आरोपी फरार हो गए।
वंशीवाला महरपुर के जंगल में अवैध रूप से पालेज लगाने की कोशिश कर रहे लोगों को रोकने गए तो मारपीट की गई। कार जलाने की कोशिश की, पुलिस को बुलाकर सहायता प्राप्त की। आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है। ....सुभाष चौधरी, वन क्षेत्राधिकारी हसनपुर।
- वन विभाग की टीम के साथ ग्रामीणों का विवाद हुआ है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।...अशोक कुमार शर्मा, थानाध्यक्ष आदमपुर।