जयभारत इंटर कालेज वाली गली में चोरी के बाद बिखरा सामान दिखातीं शिक्षिका।
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला(अमरोहा)। चोरों ने एक फैक्ट्री में प्रोडक्शन ऑफिसर के सूने घर को निशाना बना लिया। मेन गेट का ताला तोड़कर भीतर घुसे चोर 22 हजार की नगदी समेत लगभग तीन लाख के जेवर आदि ले उड़े। पीड़ित परिवार बुलंदशहर जनपद में स्थित पैतृक गांव गया था। मकान मालिक ने सुबह सवेरे फोन कर उन्हें चोरी की जानकारी दी। तहरीर थाने में दी गई है।
मोहल्ला बुध बाजार जय भारत इंटर कॉलेज वाली गली में रिटायर्ड शिक्षक जयपाल सिंह का मकान है। उन्होंने इसे तेवा फैक्ट्री में प्रोडक्शन आफीसर अनिल कुमार को किराए पर दे रखा है। इसमें वह अपनी पत्नी बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षिका इंदू के साथ रहते हैं। शनिवार की शाम वह पैतृक गांव कनौना थाना खानपुर जनपद बुलंदशहर गए हुए थे। बताते हैं कि रविवार की सुबह सफाई करने वाली महिला घर में आई तो उसने मेन गेट खुला देखा। भीतर झांककर देखा तो कमरों के ताले टूटे पड़े थे। उसने तत्काल इसकी सूचना सामने रहने वाले मकान मालिक को दी। उन्होंने अनिल कुमार को फोन कर चोरी की घटना की जानकारी दी। यहां आए अनिल कुमार और उनकी पत्नी इंदू ने बताया कि चोर घर में रखे 22 हजार रुपये, एक सोने की गले की कंठी, चूड़ियां, दो अंगूठी, चांदी के सिक्के और फैक्ट्री की ओर से मिला चांदी का मेडल आदि समेत लगभग तीन लाख का सामान समेटकर ले गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने भी मौका मुआयना किया। वहीं नगर में चोरी की बढ़ती घटनाओं से नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं।