गजरौला (अमरोहा)। छात्रा से फोन पर बात कर नजदीकियां बढ़ाने वाले युवक ने उसकी कॉल रिकार्ड कर ली। इसके बाद छात्रा पर अनावश्यक दबाव बनाया। आरोप है कि अपने दो दोस्तों की मारफत छात्रा की मां को फोन पर ब्लैकमेल कर रुपयों की मांग की। महिला से रुपये लेने आए युवक के दोस्त को पुलिस ने रंगेहाथों दबोच लिया। देर रात तक आरोपियों के खिलाफ तहरीर देने की तैयारी चल रही थी।
मामला नगर के एक मोहल्ले का है। यहां एक व्यक्ति के रिश्तेदार ने एक छात्रा से फोन पर नजदीकियां बढ़ा लीं। आए दिन फोन पर बात करने लगा। आरोप है कि बात नहीं करने पर छात्रा को उसकी बहन को उठवाने और परिवार वालों को ठिकाने लगाने की धमकी तक दी गई। इसी बीच युवक का एक अन्य दोस्त भी छात्रा और उसके परिजनों के संपर्क में आ गया। वह भी आए दिन उनसे फोन पर बात करने लगा। बृहस्पतिवार की शाम को महिला के पास युवक का फोन आया। आरोप है कि उसने उनकी पुत्री की फोटो और ऑडियो कॉल रिकार्डिंग वायरल करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल करना चाहा और दो हजार रुपये देने की मांग की। महिला ने उसे रमाबाई आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय के सामने आने को कहा और पुलिस को सूचित कर दिया। बताते हैं कि वहां रुपये लेने आए गांव नौनेर निवासी युवक को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया और थाने ले आई। छात्रा के परिजन भी आ पहुंचे। छात्रा ने युवक पर उसे ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया। कस्बा चौकी इंचार्ज एसआई रजनीश कुमार ने बताया कि आरोपी युवक और उसके दो दोस्तों के खिलाफ तहरीर देने की बात छात्रा के परिजन कह रहे हैं। इसके बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।