जोया/डिडौली। बेखौफ चोरों ने किसान के घर में घुसकर नगदी-जेवर समेत दो लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। परिवार के लोग बरामदे में सोते रहे और चोर कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ डाले। घटना की जानकारी परिजनों को शनिवार सुबह हुई। सूचना पर मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने जांच-पड़ताल की। पीड़ित पक्ष ने जोया चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के नारंगपुर गांव की घटना है। गांव में किसान इरफान मलिक का परिवार रहता है। किसान इरफान मलिक के अनुसार शुक्रवार शाम खाना खाने के बाद वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर के बरामदे में सोए थे। रात में किसी समय चोर दीवार फांद कर घर में घुस आए और कमरों में घुसकर 30 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो गए। शनिवार की सुबह इरफान मलिक की पत्नी परवीन जहां घर की साफ-सफाई करने के लिए उठीं तो अलमारी का ताला टूटा देखा।
कमरों में सामान भी बिखरा पड़ा था। यह देख परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। पीड़ित किसान की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल की। इरफान मलिक ने करीब दो लाख रुपये का सामान चोरी जाने की बात कही है। उन्होंने जोया चौकी में तहरीर दे दी है। मामले में देर रात तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।