डिडौली (अमरोहा)। नेशनल हाईवे के किनारे सेवा शिविर के नजदीक ट्राली में सोते समय संदिग्ध हालात में मुरादाबाद के कांवड़िया की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजा है।
डिडौली कोतवाली के डिडौली कस्बा की घटना है। यहां शनिवार की शाम को शिविर में कुछ कांवड़िया रुके थे। जिसमें एक बेड़े में गोधनपुर की मजरा थाना मुढा पांन्डे जिला मुरादाबाद निवासी राम बिहारी (60) व उनका बेटा अनिल कुमार भी थे। रात में विश्राम के लिए कांवड़ियों का बेड़ा वहां रुका था। पिता-पुत्र अपने बेड़े की ट्राली में सो गए। रात करीब 11:30 बजे जैसे ही चलने के लिए अनिल ने अपने पिता राम बिहारी को उठाने की कोशिश की तो वह नहीं उठे।
आननफानन में सभी कांवड़िया एकत्र हुए और उन्हें एंबुलेंस की मदद से जोया सीएचसी में ले गए। जहां डॉक्टरों ने राम बिहारी को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक पैसे से मजदूर है। उनके तीन बेटे और एक बेटी हैं। पत्नी का स्वर्गवास पहले ही हो चुका है। डिडौली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवेश कुमार चौहान का कहना है कि संदिग्ध हालात में कावड़िया की मौत हुई है। जांच-पड़ताल की जा रही है।