अमरोहा। परिवहन विभाग ने 166 अनफिट स्कूली वाहनों के मालिकों को नोटिस जारी किए हैं। तय तिथि तक वाहनों की फिटनेस नहीं कराने पर विभाग पहले ही 95 वाहनों का पंजीकरण निरस्त कर चुका है।
अब जून माह के अंतिम सप्ताह में स्कूलों के खुलने पर विभाग अनफिट स्कूली वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करेगा। स्कूली वाहनों में बच्चों को लाने और सुरक्षित घर छोड़ने के दौरान उनकी सुरक्षा शासन की प्राथमिकता में है। यही वजह है कि स्कूली वाहनों की समय पर फिटनेस कराने के लिए शासन ने निर्देश दिए है। हालांकि, इसके बाद भी स्कूल संचालक व वाहन मालिक अपने स्कूली वाहनों की फिटनेस कराने को लेकर गंभीर नहीं हैं।
निजी स्कूल संचालकों ने छात्रों की संख्या बढ़ाने के लिए ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था तो कर ली है, लेकिन अधिकतर वाहनों की फिटनेस नहीं कराई है। इनमें बच्चों की सुरक्षा भगवान भरोसे ही रहती है। करीब 610 स्कूल वाहन पंजीकृत हैं, लेकिन सड़कों पर इससे कहीं ज्यादा स्कूली वाहन दौड़ रहे हैं।