क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने तहसील में धरना प्रदर्शन किया गया। भाकपा के कार्यकर्ताओं ने मांगों को लेकर एसडीएम को पत्र भी सौंपा। साथ ही नारेबाजी कर अपनी आवाज बुलंद की।
भाकपा के जिला सचिव नरेश चंद्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शेरपुर चुुंगी से तहसील तक जुलूस निकाला। तहसील में पहुंचकर कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। नारेबाजी कर प्रदर्शन करने लगे। नरेश चंद्रा ने कहा कि गरीबों के राशन कार्ड नहीं बनाए गए हैं जबकि अपात्र सरकारी राशन डकार रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत सचिव व ग्राम प्रधान मिलकर सरकारी धन की बंदरबांट कर रहे हैं। नबाबपुरा गांव में मुख्य मार्ग पर बीते एक साल से जलभराव की स्थिति बनी हुई है लेकिन जिम्मेदार सुनवाई नहीं कर रहे हैं।
भाकपा की ओर से एक मांग पत्र एसडीएम को सौंपा गया। मांग पत्र में गरीबों के राशन कार्ड बनाने, जल निगम द्वारा डाले जा रहे पाइपों की गुणवत्ता की जांच कराने, मनरेगा में पात्रों को 100 दिन का रोजगार देने की मांग की गई है। घसीटा सिंह, बाबूराम, धर्मपाल सिंह, बिजेंद्र आदि मौजूद रहे। संवाद