जोया (अमरोहा)। कार्रवाई के बाद भी डिडौली कोतवाली क्षेत्र में गोकशी थमने का नाम नहीं ले रही है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सहसपुर अली नगर में छापे मारकर गोकशी पकड़ ली। मौके पर 50 किलो मांस और कटान के उपकरण बरामद हुए। पुलिस ने एक तस्कर को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। छह तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सोमवार की सुबह डिडौली इंस्पेक्टर शरद मलिक को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सहसपुर अलीनगर गांव के निकट नहर के पास आम के बाग में कुछ लोग गोकशी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने ठिकाने पर छापा मार दिया। पुलिस को देखकर तस्करों में भगदड़ मच गई। तभी पुलिस ने घेराबंदी कर एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान अन्य तीन तस्कर भागने में कामयाब रहे। इंस्पेक्टर शरद मलिक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम नाजिम अली निवासी सहसपुर अलीनगर बताया है। जबकि उसके अन्य छह साथियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार नाजिम को जेल भेज दिया है।