संवाद न्यूज एजेंसी
संभल/चंदौसी। हरिहर मंदिर बनाम शाही जामा मस्जिद की सर्वे की रिपोर्ट न्यायालय में पेश करने के बाद शनिवार को कोर्ट कमिश्नर रमेश सिंह राघव संभल के मोहल्ला खग्गू सराय के कार्तिकेय महादेव मंदिर पहुंचे। उन्होंने महादेव और हनुमान जी के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। साथ ही शासन और प्रशासन से कार्तिकेय महादेव मंदिर सहित तीर्थ स्थलों का सौंदर्यीकरण कराने की मांग की।
कोर्ट कमिश्नर रमेश सिंह राघव ने दो जनवरी को सिविल जज सीनियर डिवीजन आदित्य कुमार सिंह के न्यायालय में बंद लिफाफे में सर्वे रिपोर्ट पेश की थी। वहीं सर्वे रिपोर्ट को न्यायालय में पेश करने के बाद कोर्ट कमिश्नर रमेश राघव शनिवार को संभल के कार्तिकेय महादेव मंदिर पहुंचे। उनके साथ उनके पक्ष के अधिवक्ता श्रीगोपाल शर्मा और भारत सरकार व एएसआई के अधिवक्ता विष्णु शर्मा भी थे। जहां कोर्ट कमिश्नर ने मंदिर में भगवान शिव और हनुमान जी के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मंदिर में महादेव और हनुमान जी के दर्शन करके वह खुशी का अनुभव महसूस कर रहे हैं। उन्होंने शासन और प्रशासन से कार्तिकेय महादेव मंदिर का सौंदर्यीकरण कराने की मांग की। इसके अलावा संभल के तमाम तीर्थ स्थलों का जीर्णोद्धार कराने की भी मांग की। बता दें कि कार्तिकेय महादेव मंदिर के कपाट 46 साल बाद 14 दिसंबर को खुले थे।